*महामारी पर योगी सरकार का प्रहार, 57 गांवों में महा-एक्शन शुरू*
बाँदा-ब्यूरो
अल्तमश हुसैन
बांदा। भारी बारिश और बाढ़-जलभराव से जूझ रहे बांदा जिले में अब योगी सरकार ने मोर्चा संभाल लिया है। बाढ़ का पानी उतरते ही जलजनित और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है, जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर स्वास्थ्य महकमे ने जिले में पूरी ताकत झोंक दी है। शासन के आदेश पर जिले के 57 से अधिक बाढ़ प्रभावित गांवों में युद्धस्तर पर स्वास्थ्य शिविर लगाकर रोकथाम अभियान चलाया जा रहा है।मच्छरों के लार्वा को खत्म करने के लिए गांव-गांव में एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव और नालियों-जलभराव वाले क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए ब्लॉक स्तर की टीमें 24 घंटे मुस्तैदी से तैनात की गई हैं, जो हर प्रभावित इलाके पर नजर रख रही हैं।स्वास्थ्य विभाग ने बाढ़ पीड़ितों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के साथ डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए बड़े पैमाने पर तैयारी की है। विभाग द्वारा 16 हजार से अधिक क्लोरीन की गोलियां और हजारों ओआरएस पैकेट ग्रामीणों में वितरित किए जा चुके हैं। गांव-गांव जाकर बुखार पीड़ितों की पहचान कर तत्काल मलेरिया और डेंगू की जांच की जा रही है। साथ ही लोगों को दूषित पानी न पीने और आसपास सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले के जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।अस्पतालों में 2.5 लाख क्लोरीन की गोलियां और 4 लाख से अधिक ओआरएस पैकेट पहले से स्टोर कर दिए गए हैं। सरकार ने सख्त निर्देश दिए हैं कि जीवन रक्षक दवाओं की किसी भी सूरत में कमी नहीं होनी चाहिए।




