कानपुर के बहुचर्चित 5600 करोड़ रुपये के साइबर ठगी मामले में अब एक और बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस की तलाश में चल रहे रिटायर्ड दारोगा के बेटे इखलाक हुसैन ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर सरेंडर कर दिया है।
इखलाक का नाम इस पूरे नेटवर्क में अहम कड़ी के तौर पर सामने आया था। पुलिस के मुताबिक, उसके कई बैंक खातों में करोड़ों रुपये का लेनदेन मिला है और ठगी की रकम को अलग-अलग माध्यमों से खपाने की जांच की जा रही है।
दरअसल, कानपुर पुलिस ने पिछले दिनों एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा किया था। जांच में करीब 5600 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का ट्रेल सामने आया। पुलिस के मुताबिक, नेटवर्क में फर्जी फर्मों के जरिए बैंक खाते खुलवाकर रकम मंगाई जाती थी। ऑनलाइन गेमिंग, सट्टेबाजी और निवेश के नाम पर ठगी की रकम को अलग-अलग खातों और माध्यमों से आगे ट्रांसफर किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
इसी जांच में रिटायर्ड दारोगा के बेटे इखलाक हुसैन का नाम सामने आया। पुलिस की पड़ताल के मुताबिक, इखलाक के कई खातों में करोड़ों रुपये का लेनदेन मिला था। इससे पहले उसकी लोकेशन नेपाल और लखनऊ में मिलने की जानकारी सामने आई थी। अब इखलाक के सरेंडर के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
इस मामले में पुलिस पहले ही शाहजेब वारिस और सलमान को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जांच में 76 संदिग्ध फर्जी फर्मों और कई बैंक खातों का भी पता चला है। पुलिस के मुताबिक, पूरे नेटवर्क में करीब 14 लोगों के नाम सामने आए हैं और कई संदिग्ध अभी जांच के दायरे में हैं।




