*उन्नाव जिलाधिकारी ने जाजमऊ गंगा पुल के रूट डायवर्जन का लिया जायजा बोले- जाम न लगे और वाहन चालकों को परेशानी न हो*
उन्नाव। जाजमऊ पुराने गंगा पुल की मरम्मत के चलते लागू किए गए रूट डायवर्जन की व्यवस्था का मंगलवार को जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। डीएम ने गदनखेड़ा चौराहे समेत कई स्थानों पर बैरिकेडिंग, संकेतक और यातायात व्यवस्था देखी।
कई स्थानों पर पहुंचकर देखी व्यवस्था
जिलाधिकारी सबसे पहले गदनखेड़ा चौराहे पहुंचे। यहां उन्होंने रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग और लगाए गए संकेतकों की स्थिति देखी। इसके बाद कानपुर मार्ग पर आटा-बंथर चौराहा और शुक्लागंज के मरहला चौराहे पहुंचकर डायवर्जन व्यवस्था का निरीक्षण किया।
पुलिसकर्मियों को दिए निर्देश
डीएम ने रूट डायवर्जन में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से ही निकाला जाए। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
वैकल्पिक मार्गों पर दबाव न बढ़े
घनश्याम मीना ने कहा कि वैकल्पिक मार्गों पर भारी वाहनों का दबाव अधिक न बढ़े, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। रूट डायवर्जन के दौरान कहीं भी जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए। वाहन चालकों को मार्ग से निकलने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान रूट डायवर्जन में तैनात पुलिस बल और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
*पंकज श्रीवास्तव ब्यूरो*




