बाल सुधार गृह से निकले दो किशोर, शिवा बरामद, कार्तिक अभी लापता
कानपुर। कल्याणपुर स्थित बाल सुधार गृह से स्कूल जाने के बाद लापता हुए दो किशोरों में से एक को बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरा किशोर अभी लापता है। घटना के बाद बाल सुधार गृह प्रबंधन और पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे बाल सुधार गृह में रह रहे कार्तिक पुत्र स्वर्गीय बाबू सिंह (15 वर्ष) और शिवा सिंह पुत्र अशरफ (12 वर्ष) रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए निकले थे। इसके बाद दोनों बाल सुधार गृह वापस नहीं लौटे।
सूचना मिलने पर दोनों की तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान शिवा सिंह को बरामद कर लिया गया, जबकि 15 वर्षीय कार्तिक अभी लापता है। बताया गया है कि लापता होने के समय कार्तिक ने आसमानी रंग की लाइनदार शर्ट और नीले रंग की पैंट पहन रखी थी।
बाल सुधार गृह प्रबंधन और कल्याणपुर पुलिस की ओर से कार्तिक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी कार्तिक दिखाई दे तो तत्काल बाल सुधार गृह कल्याणपुर अथवा थाना कल्याणपुर पुलिस को सूचना दें, ताकि उसे सुरक्षित बरामद किया जा सके।




