कानपुर; दिनांक – 10.09.2026
कानपुर मेट्रो ने पार किया 1.50 करोड़ यात्रियों का आंकड़ा
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने यात्रियों के निरंतर विश्वास के लिए जताया आभार
कानपुर मेट्रो ने आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए यात्री सेवाओं के शुभारंभ से अब तक 1.50 करोड़ यात्रियों की राइडरशिप का आंकड़ा पार कर लिया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “आपके प्यार और समर्थन से कानपुर मेट्रो की अब तक की कुल राइडरशिप 1.50 करोड़ से अधिक हो चुकी है। कानपुर मेट्रो की यात्री सेवाओं का विस्तार नौबस्ता तक होने और कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) के आरंभ होने के बाद यात्रियों की संख्या में और वृद्धि होगी। हमारे दोनों मेट्रो कॉरिडोर शहर के सबसे व्यस्त इलाकों से गुजरते हुए विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, यातायात केंद्रों, पर्यटक स्थलों, व्यावसायिक केंद्रों और कार्यालयों आदि को आपस में जोड़ते हैं। हम कानपुर मेट्रो के प्रति शहरवासियों के निरंतर विश्वास और समर्थन के लिए उनके आभारी हैं।”
*कानपुर मेट्रोः शहर की नई लाइफलाइन*
विदित हो कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 30 मई 2025 को कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-1 के अंतर्गत दूसरे चरण में मोतीझील से कानपुर सेंट्रल तक यात्री सेवाओं का विस्तार किया गया था। वर्तमान में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक लगभग 15.50 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 14 मेट्रो स्टेशनों के माध्यम से यात्री सेवाओं का परिचालन किया जा रहा है। कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो कनेक्टिविटी और शहर के महत्वपूर्ण व्यावसायिक केंद्रों वाले बड़ा चौराहा, नयागंज व नवीन मार्केट स्टेशनों के जुड़ने से कानपुर मेट्रो शहर की जीवनरेखा के रूप में तेजी से स्थापित हो रही है। आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक की दूरी तय करने में पहले जहां सवा घंटे से अधिक समय लगता था, वहीं अब यह दूरी महज 27 मिनट में तय की जा रही है। ट्रैफिक जाम से राहत, वातानुकूलित एवं आरामदायक यात्रा तथा किफायती किराया, इन सभी कारणों से मेट्रो शहरवासियों की पसंद बनती जा रही है।
उल्लेखनीय है कि कॉरिडोर-1 के अंतर्गत तीसरे चरण में कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक यात्री सेवाओं का विस्तार भी शीघ्र होने की संभावना है। इसके साथ ही सात नए स्टेशन; झकरकटी, ट्रांसपोर्ट नगर, बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर एवं नौबस्ता, मौजूदा मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे। आईआईटी से नौबस्ता तक की दूरी महज 40 मिनट में तय की जा सकेगी।
*नई यात्रा संस्कृति की ओर एक कदम*
कानपुर मेट्रो ने न केवल शहर में आवागमन को सुगम बनाया है, बल्कि एक नई यात्रा संस्कृति को भी बढ़ावा दिया है। ईज ऑफ ट्रैवल और मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी की दिशा में किए गए प्रयासों से यात्रियों को उल्लेखनीय लाभ मिला है। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन, रावतपुर रेलवे स्टेशन और कल्याणपुर रेलवे स्टेशन के साथ-साथ झकरकटी बस स्टैंड, रावतपुर बस स्टैंड और चुन्नीगंज बस स्टैंड से सीधी कनेक्टिविटी होने के कारण शहर के भीतर और बाहर की यात्रा और अधिक सुगम हुई है।




