यूपी बना देश का 5वां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य
— एमएसएमई विकास पर एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित
कानपुर नगर, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत एमएसएमई-विकास कार्यालय, कानपुर द्वारा उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय उत्तर प्रदेश और विभिन्न औद्योगिक संगठनों द्वारा एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को नवीन अवसरों, सरकारी योजनाओं, निर्यात, तकनीक, वित्तीय सुविधाओं और गुणवत्ता नियंत्रण से अवगत कराना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संयुक्त विदेश व्यापार महानिदेशक (कानपुर) आलोक द्विवेदी ने बताया कि उत्तर प्रदेश ने वैश्विक व्यापार में इतिहास रचते हुए ₹2.01 लाख करोड़ का निर्यात आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही देश के कुल मर्चेंडाइज निर्यात में 5.2% योगदान के साथ यूपी देश का 5वां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य बन गया है। उन्होंने बताया कि कानपुर मंडल (चमड़ा, टेक्सटाइल, प्लास्टिक, इंजीनियरिंग और रक्षा उत्पादन क्षेत्र) राज्य की औद्योगिक प्रगति का ऐतिहासिक केंद्र रहा है।
संयुक्त आयुक्त उद्योग श्री सुनील कुमार ने बताया कि राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर, एक्सप्रेसवे नेटवर्क और ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के माध्यम से युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार सृजित हो रहे हैं।
जेम कंसल्टेंट सप्रियंवदा अग्रवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकारी खरीदारी (GeM Portal) के माध्यम से देश में शीर्ष स्थान पर है। विशेषज्ञों (प्रो. अंशुमान श्रीवास्तव, श्री आशुतोष राय, सुश्री प्रीति गंगवार, श्री नवदीप श्रीधर) ने उत्पाद की पैकेजिंग, BIS मानकों, लीन योजना और बौद्धिक संपदा अधिकारों (IPR) के संरक्षण पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का शुभारंभ एमएसएमई-विकास कार्यालय के निदेशक श्विष्णु कुमार वर्मा के स्वागत संबोधन से हुआ। इस अवसर पर 200 से अधिक एमएसएमई इकाइयों और सरकारी विभागों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का समन्वय सहायक निदेशक अमित बाजपेयी द्वारा किया गया।




