*उन्नाव छह माह की गर्भवती महिला ने पड़ोसियों पर मारपीट का लगाया आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार*
उन्नाव। सदर कोतवाली मगरवारा चौकी क्षेत्र के दयालखेड़ा गांव की रहने वाली छह माह की गर्भवती महिला ने पड़ोसियों पर सार्वजनिक रास्ता रोकने, विरोध करने पर मारपीट करने तथा पेट पर घूंसा मारने का आरोप लगाया है। पीड़िता गोमती पत्नी मनोज कुमार शर्मा ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच, कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की।
पीड़िता के अनुसार गांव में सार्वजनिक रास्ते पर बल्ली व कांटेदार लकड़ियां रखकर आवागमन बाधित किया गया था। 6 सितंबर को रास्ते से गुजरने के दौरान विरोध करने पर विवाद हुआ और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके पेट पर घूंसा मारा गया, जिससे लगातार दर्द बना हुआ है।
गोमती ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद परिवार को गांव छोड़ने की धमकी दी जा रही है। वहीं, दूसरे पक्ष ने उसके पति पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि डायल-112 पुलिस उसके पति का मोबाइल भी अपने साथ ले गई थी।
फिलहाल मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है। एसपी कार्यालय ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
*अस्तित्व कुशवाहा उन्नाव संवाददाता*




