*मंगलपुर में चोरों का फिल्मी अंदाज, साड़ियों को जोड़कर बनाई रस्सी, 20 लाख के जेवरात पार*
नाहर सिंह यादव
कानपुर देहात । मंगलपुर थाना क्षेत्र के बिछियापुर गांव में चोरों ने चोरी की वारदात को फिल्मी अंदाज में अंजाम दिया। चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठ कर घर में रखे लगभग 20 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए।
बिछियापुर गांव निवासी पंकज पुत्र रामसनेही का परिवार रात में गहरी नींद में सोया हुआ था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर को निशाना बनाया। पहले उन्होंने घर की दीवार में सेंध लगाई । फिर छत पर पहुंच कर आंगन में दाखिल हुए और अंदर घुसने के बाद चोरों ने सभी बक्सों के ताले तोड़ कर अलमारी का लाकर तोड़कर लाखों रुपए के जेवर पार कर लिया घर में रखी महिलाओं की साड़ियों को निकाला घर के अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात, जो लगभग 20 लाख रुपये के बताए जा रहे हैं, लेकर फरार हो गए।जिस तरह से साड़ियों की रस्सी बनाकर छत पर उतरने का रास्ता बनाया गया, उससे साफ अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरों ने पहले पूरी रेकी की थी और पूरी योजना के साथ इस वारदात को अंजाम दिया है।
सुबह जब परिवार के लोग उठे तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी हुई थी। तब उन्हें चोरी की शंका हुई। पीड़ित पंकज ने तुरंत मंगलपुर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और साड़ियों से बनी रस्सी को भी कब्जे में लिया है।
इस संबंध में मंगलपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। चोरों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवार सदमे में है।




