राजधानी लखनऊ में टैक्स चोरी और बिना वैध दस्तावेजों के माल खपाने वाले सिंडिकेट के खिलाफ GST विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। GST विभाग की सचल दल व विशेष अनुसंधान शाखा की टीम ने चारबाग रेलवे क्षेत्र में सघन छापेमारी कर मालगाड़ी के जरिए लखनऊ लाई गई करीब 3 हजार किलोग्राम पान मसाले की बड़ी खेप को जब्त किया है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह भारी कंसाइनमेंट रेलवे नेटवर्क का इस्तेमाल कर लखनऊ लाया जा रहा था, जिसे स्थानीय बाजारों में बिना टैक्स चुकाए खपाने की तैयारी थी।
बताया जाता है कि GST विभाग को मुखबिर और गोपनीय सूत्रों से पुख्ता सूचना मिली थी कि रेलवे के जरिए बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी कर पान मसाले की बड़ी खेप लखनऊ पहुंचाई जा रही है। सूचना मिलते ही विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने चारबाग स्टेशन व उसके आसपास निगरानी बढ़ाई और मालगाड़ी से उतारे जा रहे करीब 3 हजार किलो पान मसाले को मौके पर ही धर दबोचा। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे माल को सीज कर अपने कब्जे में ले लिया है। मौके पर मौजूद लोगों से आवश्यक कागजात मांगे गए लेकिन वैध टैक्स इनवॉइस और अनिवार्य ई-वे बिल से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इतनी भारी मात्रा में पान मसाला मालगाड़ी के जरिए लखनऊ तक पहुंच जाने की घटना ने रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF और स्टेशन सुरक्षा प्रबंधन पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। GST विभाग अब इस पहलू की भी गहनता से पड़ताल कर रहा है कि रेलवे परिसर, पार्सल यार्ड और मालगाड़ी के लोडिंग-अनलोडिंग स्तर पर इतनी बड़ी खेप की नियमित निगरानी में कहां चूक हुई। सूत्रों के मुताबिक, जांच का दायरा रेलवे पुलिस और स्थानीय कर्मचारियों की संभावित मिलीभगत के एंगल तक पहुंच सकता है। हालांकि, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद ही किसी स्तर पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।




