पति ने पत्नी के सिर पर लोहे की रॉड मारकर की हत्या, खुद पुलिस को दी सूचना
नाहर सिंह यादव
कानपुर देहात । जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पति ने अपनी ही पत्नी के सिर पर लोहे की रॉड मारकर हत्या कर दी और फिर खुद ही पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी को मार दिया है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डेरापुर क्षेत्र के दुरौली गांव निवासी गजेंद्र संखवार अपनी पत्नी सपना के साथ अकबरपुर में आरटीओ ऑफिस के पास किराए के मकान में रहता था। गजेंद्र राजमिस्त्री का काम करता है।
बताया जा रहा है कि आज सुबह करीब 10:30 बजे किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गजेंद्र ने गुस्से में आकर पास रखी लोहे की रॉड उठाकर सपना के सिर पर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी।
जानकारी के अनुसार गजेंद्र और सपना ने 2 महीने पहले ही कोर्ट में लव मैरिज की थी। गजेंद्र पहले से शादीशुदा था और उसका एक पुत्र गांव में रहता है। वहीं सपना की यह तीसरी शादी बताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि इन्हीं पारिवारिक कारणों और आपसी कलह के चलते हत्या की गई है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति गजेंद्र को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।




