चंद्रशेखर कृषक समिति ने मनाया गया 42वां स्थापना दिवस
कानपुर नगर,, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रसार निदेशालय में लाल बहादुर शास्त्री कृषक सभागार में शनिवार को चंद्रशेखर कृषक समिति का 42वां स्थापना दिवस मनाया गया। कृषक समिति की स्थापना दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।इस अवसर पर मुख्य अतिथि कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि कृषक हमारा सम्मानित अतिथि है तथा कृषकों का देश की प्रगति में बहुत बड़ा योगदान है।
उन्होंने कहा कि किसान अब किसान ही नहीं अपितु कृषि उद्यमी बनें। जिससे वह स्वावलंबी होकर आत्मनिर्भर बन सकें। डॉ. गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने नवीनतम कृषि तकनीक एवं उन्नत बीज विकसित किए हैं। जिससे कृषि उत्पादन एवं क्षेत्रफल में बढ़ोतरी हुई है। कृषक कृषि वैज्ञानिकों के मोबाइल, व्हाट्सएप ग्रुप या व्यक्तिगत मिलकर कृषि तकनीकी अवश्य लें।जिससे रबी फसल में अच्छा उत्पादन हो सके।
कुलपति ने उपस्थित कृषक समिति के सदस्यों से कहा कि आप अन्य किसानों के लिए एक मॉडल किसान के रूप में हैं। उन्होंने नवयुवक किसानों को बीज उत्पादन के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की है। जिससे कि वह स्वरोजगार स्थापित कर सकें। कुलपति डॉ गुप्ता ने किसानों से सहफसली व फूलों की खेती करने की सलाह दी। जिससे की एक फसल नष्ट होने से दूसरी फसल से लाभ मिल सके।
निदेशक प्रसार डॉ वी के त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे प्रसार गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉक्टर पी.के. राठी ने किसानों के हित में संचालित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदोरिया एवं ब्लॉक प्रमुख सरसौल डॉक्टर विजय रत्ना तोमर द्वारा भी किसानों को संबोधित किया गया। मुख्य अतिथि कुलपति एवं समिति के अध्यक्ष श्री बाबू सिंह द्वारा कृषि क्षेत्र में विशेष योगदान करने वाले कृषि वैज्ञानिकों को सम्मानित भी किया गया। जिसमें डॉ महक सिंह, डॉक्टर कौशल कुमार,डॉक्टर अखिलेश मिश्रा, डॉ रामजी गुप्ता, डॉक्टर पीके राठी, डॉक्टर उमानाथ शुक्ला, डॉक्टर विनीता सिंह, डॉक्टर भूपेंद्र कुमार सिंह, डॉ विनोद प्रकाश, डॉक्टर खलील खान, डॉक्टर उमेश चंद्र उत्तम,डॉक्टर जितेंद्र कुमार सिंह, डॉक्टर रामसूरत वर्मा एवं डॉक्टर निमिषा अवस्थी सहित 15 वैज्ञानिक सम्मानित किए गए। प्रगतिशील कृषक द्वारा उनकी कृषि क्षेत्र में किए गए नवाचार के लिए श्री अनिल यादव इटावा,श्री समर सिंह भदोरिया सरसौल,श्री जगदीश सिंह उन्नाव,श्री कमल किशोर शिवराजपुर, श्री राजेश त्रिपाठी कानपुर देहात एवं श्री फूल सिंह कानपुर देहात सहित 15 किसानों को उनके उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित किया गय। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जितेंद्र सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद डॉ वी के कनौजिया ने दिया। इस अवसर पर विभिन्न कृषि विज्ञान केंद्रों के प्रभारी, वैज्ञानिक एवं प्रगतिशील किसानों सहित कृषि विभाग एवं उद्यान विभाग के विभागीय अधिकारी एवं प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे।




