आपदाग्रस्त चित्रकूट में राहत कार्य तेज, ग्राम पंचायत जारोमाफी में ग्रामीणों को वितरित की गईं आपदा राहत किट


चित्रकूट। जिले में लगातार हुई भारी बारिश और बाढ़ से उत्पन्न आपदा की स्थिति के बीच जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत जारोमाफी में आपदा प्रभावित ग्रामीण परिवारों को दैनिक जरूरत की आवश्यक वस्तुओं से युक्त आपदा राहत किट का वितरण एवं आवंटन कराया गया।
आपदा राहत कार्य के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में मानिकपुर विधायक श्री अविनाश चंद्र द्विवेदी जी की उपस्थिति में ग्रामीणों को राहत किट उपलब्ध कराई गई। इस दौरान उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार सहित राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और राहत वितरण की व्यवस्था का निरीक्षण किया।
राहत किट में आपदा की परिस्थितियों में प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक दैनिक उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध कराई गईं, ताकि बारिश और बाढ़ से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत मिल सके तथा उन्हें जरूरी सामान के लिए परेशान न होना पड़े।
राहत सामग्री प्राप्त करने के लिए ग्राम पंचायत जारोमाफी में भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया।
इस दौरान अधिकारियों ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेते हुए ग्रामीणों से अपील की कि वे अत्यधिक जलभराव, नदी-नालों के तेज बहाव और क्षतिग्रस्त मार्गों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें।
भारी बारिश और बाढ़ के कारण उत्पन्न संकट के बीच प्रशासन द्वारा राहत सामग्री का वितरण प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी मदद साबित हो रहा है। ग्रामीणों ने राहत किट उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि आपदा प्रभावित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रहेगा और जरूरतमंद परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्ट
ललित पाण्डेय




