शहीद आरक्षी कुनाल भारती के परिजनों को 1.70 करोड़ की सहायता राशि सौंपी गई
नाहर सिंह यादव
कानपुर देहात ।पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय* द्वारा कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए आरक्षी कुनाल भारती के परिजनों को 1.70 करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं बैंक ऑफ बड़ौदा के सहायक महाप्रबंधक/क्षेत्रीय प्रमुख संतोष कुमार द्वारा शहीद आरक्षी स्व. कुनाल भारती की पत्नी श्रीमती सोनी देवी को ₹1,70,00,000 (एक करोड़ सत्तर लाख रुपये) का चेक सौंपा गया।
विदित हो कि जनपद कानपुर देहात में UP-112 सेवा में तैनात आरक्षी स्व. कुनाल भारती (29 वर्ष) पुत्र स्व. राजू, निवासी ग्राम उमरी, थाना कोतवाली सदर, जनपद फतेहपुर 2018 बैच के आरक्षी थे। दिनांक 23.04.2026 को पीआरवी से ड्यूटी समाप्त कर मोटरसाइकिल से कस्बा अकबरपुर स्थित अपने आवास की ओर जा रहे थे, तभी शहजादपुर के समीप क्रेन से हुई दुर्घटना में उनकी दुखद मृत्यु हो गई थी।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने कहा कि आरक्षी कुनाल भारती ने अपने सेवाकाल के दौरान अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ किया। पुलिस विभाग एवं जनता की सेवा में उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा।
शहीद के परिवार के प्रति पुलिस विभाग की संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के दृष्टिगत आज उनकी पत्नी को बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से सहायता राशि प्रदान की गई तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया गया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर राजीव सिरोही सहित पुलिस व बैंक के अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।




