*तालाब में नहाने गए युवक की डूबने से मौत*
बाँदा-ब्यूरो
अल्तमश हुसैन
बांदा। देवरथा गांव में दोपहर बकरी चराने गए एक 19 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। युवक चार भाइयों में सबसे छोटा था। गांव निवासी कल्लू का 19 वर्षीय पुत्र नीरज रविवार दोपहर बकरियां चराने गया था। इसी दौरान वह दोस्तों के साथ मुरहा तालाब में नहाने लगा। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन जब वे भी डूबने लगे तो बाहर निकलकर शोर मचाया। कुछ दूरी पर भैंस चरा रहे नीरज के पिता कल्लू ने आवाज सुनी तो वह दौड़कर तालाब के पास पहुंचे और बेटे को बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। वह भी गहरे पानी में डूबने लगे। इसी बीच किसान कमलेश मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद पिता-पुत्र को तालाब से बाहर निकाला। हालांकि तब तक नीरज की मौत हो चुकी थी, जबकि उसके पिता की जान बच गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। कोतवाली प्रभारी संजय द्विवेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की तालाब में डूबने से मौत होना सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।




