*तालाब में पैर फिसलने से किसान की डूबकर मौत*
नाहर सिंह यादव
कानपुर देहात ।शिवली थाना अंतर्गत मांडा गांव में तालाब में ज्यादा पानी भरने के कारण पैर फिसलने से एक किसान की डूबकर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम मांडा निवासी राजू गौतम (50) पुत्र पंचम का मकान तालाब के किनारे स्थित है। वहीं पर उनकी भैंस बांधने का स्थान भी है। बताया जाता है कि वह हैंडपंप से पानी भरने जा रहे थे, तभी अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
डूबने की जानकारी मिलते ही गांव वाले मौके की ओर दौड़े और काफी मशक्कत के बाद उन्हें तालाब से बाहर निकाला। परिजन एंबुलेंस से उन्हें शिवली सीएचसी
ले गए, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि राजू गौतम खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि राजू गौतम काफी गरीबी में जीवन यापन कर रहे थे। ग्रामीणों और परिजनों ने सरकार से किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत सहायता राशि दिए जाने की अपील की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




