*अज्ञात कार की टक्कर से युवक की मौत, घर का बुझा चिराग*
नाहर सिंह यादव
कानपुर देहात । तेज रफ्तार अज्ञात कार की टक्कर से एक नवयुवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना सिकंदरा-भोगनीपुर मार्ग पर हुई।
मृतक की पहचान आशीष पाल पुत्र कुंवर सिंह के रूप में हुई है। वह बीएससी का छात्र था तथा कथरी गांव का मूल निवासी था, लेकिन वर्तमान में शाहजहांपुर में रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह शाहजहांपुर में काली मंदिर के पास पैदल जा रहा था, तभी सिकंदरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इकलौते पुत्र की मौत की खबर सुनकर मां और बहन बेहोश हो गईं। पड़ोस की महिलाओं ने किसी तरह उन्हें संभाला।
इधर पुलिस ने जाम की स्थिति से बचने के लिए शव को तुरंत मौके से हटा दिया। परिजनों का आरोप है कि उन्हें बेटे से मिलने भी नहीं दिया गया। इससे आक्रोशित ग्रामीण थाने पर जमा हो गए और नाराजगी जताई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सट्टी थाना प्रभारी कालीचरण कुशवाहा ने बताया कि मामले में अज्ञात कार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से कार की तलाश की जा रही है।




