*मंगलपुर पुलिस ने तमंचे से फायरिंग और मारपीट के आरोपी को दबोचा*
नाहर सिंह यादव
कानपुर देहात।थाना मंगलपुर पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार के मुताबिक आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा,एक खोखा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार मामले में वादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे आरोपी ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि बाद में इंटर कॉलेज के पास आरोपी ने वादी के साथ तमंचे की बट से मारपीट की और फायर करते हुए धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर मंगलपुर थाने में मु0अ0सं0 262/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी संजय यादव (39), पुत्र रघुवीर, निवासी बलियापुर, थाना मंगलपुर को 31 अगस्त को बलियापुर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा,एक खोखा कारतूस और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन मिला। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट भी बढ़ाई गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुनील सिसोदिया,हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार,हेड कांस्टेबल ब्रजराज सिंह और कांस्टेबल अविनाश शर्मा शामिल रहे।




