लखनऊ में आज रक्षाबंधन का त्योहार अलग-अलग अंदाज में मनाया जा रहा है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर ब्रह्माकुमारी राधा ने उन्हें राखी बांधी। वहीं सीएम योगी ने अपने आवास पर बच्चियों के साथ रक्षाबंधन मनाया। जिला जेल में बहनें बंदी भाइयों की कलाई पर राखी बांध रही हैं। प्रशासन की तरफ से उनके लिए खास व्यवस्था की गई है।
इस बीच लखनऊ की प्रिया मिश्रा ने समुद्र के अंदर स्कूबा डाइविंग के दौरान भाई को राखी बांधकर अनोखे अंदाज में पर्व मनाया। वहीं, बढ़ती चीनी की कीमतों के विरोध में सपा नेता पूजा शुक्ला ने भाई को राखी बांधकर गिफ्ट में 5 किलो चीनी ली।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने रक्षाबंधन के मौके पर वृंदावन कॉलोनी स्थित पॉल मर्सी होम अनाथालय पहुंचकर त्योहार मनाया। उन्होंने बच्चियों के साथ रक्षाबंधन मनाया और इसे सुखद व भावुक अनुभव बताया। अजय राय ने कहा कि इन बच्चियों के बीच रक्षाबंधन मनाकर उन्हें बेहद अच्छा लगा। बच्चियों ने उनकी कलाई पर राखी बांधी और उनके सुखी जीवन की कामना की।
शेज़ीला की रिपोर्ट




