यूपी में अवैध स्कूलों और कोचिंग सेंटरों पर कसेगा शिकंजा, शासन ने दिए सख्त कार्यवाही के निर्देश
राजेश कटियार
प्रयागराज/कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश में बिना मान्यता और नियमों के विरुद्ध चल रहे अवैध विद्यालयों और निजी कोचिंग सेंटरों के खिलाफ माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान शुरू किया है। परिषद के अपर सचिव (प्रशासन) सत्येन्द्र कुमार सिंह द्वारा जारी स्मरण पत्र के बाद फील्ड स्तर पर भी कार्यवाही तेज कर दी गई है। इस संबंध में कानपुर देहात के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने बताया कि शासन के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। जनपद में बिना मान्यता संचालित हो रहे अमान्य विद्यालयों और नियम विरुद्ध चल रही कोचिंग गतिविधियों को चिन्हित करने के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है। उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अवैध शिक्षा संस्थान को फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा और सघन चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे फर्जी स्कूलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही परिषद को भेजी जाने वाली अद्यतन रिपोर्ट भी निर्धारित प्रारूप पर यथाशीघ्र प्रेषित की जाएगी।




