बंदूक का लाइसेंस बाद में मिलेगा पहले गुटका खाना छोड़ो….
कानपुर नगर जिलाधिकारी आईएएस जितेंद्र सिंह अपनी अलग कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं।
जनता दर्शन के दौरान वह अक्सर कुछ ना कुछ नया और उदाहरण पेश करने वाला फरमान जारी करते रहते हैं। नया यह है कि एक व्यक्ति अपने पिता के नाम पर रजिस्टर्ड शस्त्र लाइसेंस को वरासत के आधार पर अपने नाम कराने का आवेदन लेकर जिलाधिकारी के सामने पेश हुए। इसी बीच डीएम की नजर उस व्यक्ति के पान मसाले पर गई तो उन्होंने बगैर नाराजगी जाहिर किए तंज कसते हुए कहा कि पहले पान मसाला, गुटका छोड़ो।
इसके लिए उस व्यक्ति को उसके दादा, पिताजी और जिस गांव नरवल से वह आए थे वहां के प्रधान से एक शपथ पत्र भी लिखवाकर जमा करने को कहा। जिसमें यह लिखकर देना होगा कि वह आज के बाद गुटका या पान मसाला कभी नहीं खाएगा। इसके बाद शस्त्र लाइसेंस वरासत की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। यदि सभी कागजात ठीक रहते हैं तभी लाइसेंस ट्रांसफर हो सकता है।




