लखनऊ के बाराबिरवा चौराहे पर रॉन्ग साइड से आ रही कार को रोकने पर ट्रैफिक कांस्टेबल से तीन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। विरोध करने पर आरोपियों ने कांस्टेबल का कॉलर पकड़कर उसकी वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ट्रैफिक पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल जसवंत यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 अगस्त को वह बाराबिरवा चौराहे पर ड्यूटी कर रहे थे। शाम करीब 4:30 बजे गुजरात नंबर की गाड़ी GJ27EF8097 को बदनाम लड्डू की तरफ से रॉन्ग साइड से आलमबाग की तरफ आते देखा। कार के कारण ट्रैफिक बाधित हो रहा था। कांस्टेबल ने कार को रुकवा दिया।
कॉलर पकड़ वर्दी फाड़ी
आरोप है कि कार से तीन लोग उतरे और जबरन रॉन्ग साइड से जाने की जिद करने लगे। कांस्टेबल ने उन्हें ट्रैफिक का हवाला देते हुए रोक दिया। इस पर तीनों भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर संतोष वर्मा ने कांस्टेबल की वर्दी का कॉलर पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।
इसके साथ मौजूद आलोक कुमार यादव और दीपक ने भी कांस्टेबल के साथ मारपीट की। इस दौरान उसकी वर्दी फट गई और चोटें भी आईं। हंगामा होता देख मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर कांस्टेबल को बचाया।
इसके बाद तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान ओढो एसपी रिंग रोड, वस्त्रल अहमदाबाद निवासी संतोष वर्मा (27), टांडा, अंबेडकरनगर निवासी आलोक कुमार यादव (28) और दीपक के रूप में हुई है।
शेज़ीला की रिपोर्ट




