*राष्ट्रगान बीच में छोड़ने का आरोप, कांग्रेसियों ने विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ दी तहरीर*
सतीश महाना पर कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, पुलिस को सौंपा वीडियो
उन्नाव। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पर राष्ट्रगान के बीच कार्यक्रम से चले जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में करीब आधा सैकड़ा कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को तहरीर दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गार्ड ऑफ ऑनर लेने के बाद विधानसभा अध्यक्ष राष्ट्रगान पूरा होने से पहले ही वहां से चले गए। कांग्रेसियों ने इसे राष्ट्रगान का अपमान बताते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने पुलिस को कथित घटना का वीडियो भी सौंपा।
*नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचे कांग्रेसी*
जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा को तहरीर सौंपते हुए मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेसियों ने तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उनका कहना था कि राष्ट्रगान से जुड़े मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई न होने पर कोतवाली में धरना देने की चेतावनी भी दी।
*पुलिस ने जांच का दिया भरोसा*
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मुताबिक, कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा ने तहरीर लेकर मामले की जांच का आश्वासन दिया। पुलिस की ओर से जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई।
इसके बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पुलिस पर भरोसा जताते हुए कार्यकर्ताओं को शांत कराया। हालांकि कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे आंदोलन करेंगे।
*ये कांग्रेस नेता रहे मौजूद*
इस दौरान युवा नेता आशुतोष मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष जंग बहादुर सिंह, सुभाष सिंह, शहर अध्यक्ष फैज फारुकी, तन्मय श्रीवास्तव, अनुराग सिंह, ओमकांत पांडेय, नसीम खान, सैयद सैफ सहित करीब आधा सैकड़ा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नोट: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहरीर में कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और उपलब्ध वीडियो/अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही होगी।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




