*उन्नाव में 6148 रसोइयों को मिला बढ़े मानदेय और कैशलेस चिकित्सा का लाभ*
उन्नाव जिलाधिकारी और जिला पंचायत अध्यक्ष ने रसोइयों को वितरित किए चिकित्सा कार्ड और प्रतीकात्मक चेक, स्कूलों में भोजन की गुणवत्ता पर दिया जोर
उन्नाव। विकास भवन सभागार में शनिवार को पीएम पोषण योजना के तहत बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों का सम्मान समारोह और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने की, जबकि सदर विधायक पंकज गुप्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी और विधायक ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस दौरान जिलाधिकारी और जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह ने जनपद की पांच रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड और बढ़े हुए मानदेय की राशि का प्रतीकात्मक चेक देकर सम्मानित किया।
*उन्नाव की रसोइया को लखनऊ में मिला सम्मान*
लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 11 रसोइयों को सम्मानित किया। इनमें उन्नाव के सफीपुर विकासखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय अटवा मोहाल ओसिया की रसोइया खिलाना भी शामिल रहीं।
*6148 रसोइयों को मिलेगा लाभ*
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि जिले के बेसिक शिक्षा विद्यालयों में कार्यरत 6148 रसोइयों को सरकार की नई सुविधाओं का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत रसोइयों का मानदेय ₹2000 से बढ़ाकर ₹3000 प्रतिमाह किया गया है।
इसके अलावा रसोइयों को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा और कार्य के दौरान किसी घटना की स्थिति में ₹2 लाख की सामाजिक सुरक्षा का प्रावधान किया गया है। रसोइयों की ड्रेस/साड़ी के लिए मिलने वाली राशि भी ₹500 से बढ़ाकर ₹1000 कर दी गई है।
*भोजन की गुणवत्ता से समझौता न हो*
जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने रसोइयों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालयों में तैयार होने वाले भोजन में स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। भोजन में निर्धारित अनुपात में सामग्री का प्रयोग हो और तैयार भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए। उन्होंने कहा कि मिड-डे मील और आवासीय विद्यालयों में बनने वाले भोजन की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं होना चाहिए, क्योंकि इसका सीधा संबंध बच्चों के स्वास्थ्य से है। जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह ने कहा कि सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर रसोइयों को महत्वपूर्ण सौगात दी है। एक साथ कई योजनाओं से जुड़ने से उनकी आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मजबूत होगी।
*बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति*
कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग के बच्चों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित रसोइयों ने देखा। इस अवसर पर परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला विकास अधिकारी शैलेश पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में बेसिक शिक्षा विद्यालयों में कार्यरत रसोइया मौजूद रहीं।
*अस्तित्व कुशवाहा उन्नाव संवाददाता*




