राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी व दिव्यांग महागठबंधन कि बैठक सम्पन्न
बेसिक शिक्षा विभाग के दिव्यांग शिक्षकों का अन्तर्जनपदीय स्थानांतरण न हुआ तो 31 अगस्त को ईको गार्डेन में धरना व 7 सितम्बर को होगा विधानसभा घेराव
शासनादेश का नहीं हो रहा अनुपालन , तीन हजार शिक्षक है प्रभावित
दिव्यांग उत्पीड़न के मामलों में थानों में रिपोर्ट दर्ज न हो तो दिव्यांग जन घेर लें थाना, पुलिस अधीक्षक कार्यालय
कानपुर। राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी व दिव्यांग महा गठबंधन की संयुक्त बैठक आज शास्त्री नगर सेंट्रल पार्क बगिया में संपन्न हुई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग के दिव्यांग शिक्षकों का अंतर्जनपदी स्थानांतरण ना होने के विरोध में 31 अगस्त को इको गार्डन में धरना देकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपने, 7 सितंबर को विधानसभा का घेराव करने का निर्णय लिया गया।
निर्णय लिया गया कि दिव्यांग उत्पीड़न के मामलों में थानों में रिपोर्ट दर्ज न हो तो दिव्यांगजन थाने व, पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव करेंगे।
राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व दिव्यांग महागठबंधन के महासचिव वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि दिव्यांगों का हर स्तर पर उत्पीड़न हो रहा है। दिव्यांगजन अधिनियम 2016 की धारा 2(आर) के तहत दिव्यांगजनों की सुविधा को देखते हुए स्थानांतरण का प्रावधान है। दिव्यांगजन अधिनियम 2016 के अध्याय 4 की धारा 20 में दिव्यांग कर्मचारियों की तैनाती व स्थानांतरण के संबंध नीति बनाने की व्यवस्था दी गई है। इसके बावजूद बेसिक शिक्षा विभाग में कार्य दिव्यांग शिक्षकों का स्थानांतरण सरकार द्वारा नहीं किया जा रहा है। जबकि सरकार ने इस संबंध में 4 जून 2026 को शासनादेश जारी किया है। इस शासनादेश के तहत अब तक ऐसे सभी दिव्यांगजनों का स्थानांतरण हो जाना चाहिए जो अपने गृह जनपद या इच्छित जनपद में स्थानांतरण चाहते हैं। वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि सरकार नियम कायदे कानूनों का पालन नहीं कर रही है। दिव्यांगजनों के लिए बने कानूनों का उल्लंघन कर रही है। जिसकी वजह से आंदोलन का निर्णय लेना पड़ा है। सरकार ने बेसिक शिक्षा विभाग के दिव्यांगजनों का अन्तर्जनपदीय स्थानांतरण नहीं किया तो विवस होकर 31 अगस्त को ईको गार्डेन में धरना व 7 सितम्बर को विधानसभा घेराव का निर्णय लेना पड़ेगा। वीरेंद्र कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 3000 दिव्यांग बेसिक शिक्षक इससे प्रभावित है।
आज की बैठक में दिव्यांग महागठबंधन के महासचिव वीरेन्द्र कुमार, राहुल कुमार, अल्पना कुमारी, अरविन्द सिंह, गुड्डी दीक्षित, सरला, ओम प्रकाश दास, जितेन्द्र कुमार वर्मा आदि शामिल थे।
हरिओम की रिपोर्ट




