सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत
दो दिन पहले ही मुंबई से लौटा था घर, अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत
कानपुर नगर, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास-3 के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल राजीव की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार पनकी थाना क्षेत्र के पंक बहादुर नगर निवासी 38 वर्षीय राजीव रंजन मुंबई में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। उनके पिता रामबिलास रंजन ने बताया कि राजीव दो दिन पहले ही मुंबई से कानपुर स्थित अपने घर आए थे। शनिवार रात करीब 10 बजे वह किसी काम से कल्याणपुर गए थे। देर रात करीब 12 बजे लौटते समय अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। परिवार में उनकी पत्नी रश्मि और 4 साल की बेटी हैं।
हादसे के बाद राहगीरों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कल्याणपुर पुलिस ने राजीव को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मृतक के पास मिले मोबाइल से परिजनों का पता चला, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




