ओरियंटेशन प्रोग्राम का आयोजन
कानपुर नगर, दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज में बी.एड.विभाग द्वारा प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-27 की नव प्रवेशित छात्राओं के स्वागत एवं महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से परिचित कराने के उद्देश्य से ओरियंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो वंदना निगम, निदेशक (स्ववित्तपोषित) प्रो अर्चना वर्मा, चीफ प्रॉक्टर प्रो अर्चना श्रीवास्तव, प्रो क्षमा त्रिपाठी, प्रो सुगंधा तिवारी ऑफिस सुप्रिटेंडेंट श्री कृष्णेन्द्र एवं विभागाध्यक्षा डॉ सबीहा अंजुम द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
कार्यक्रम में प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाली छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, अनुशासन, नियमित उपस्थिति, पुस्तकालय, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा विभिन्न सुविधाओं की जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या एवं अन्य पदाधिकारियों ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि महाविद्यालय में शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि छात्राओं में ज्ञान, आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना भी है।
बी.एड. विभाग की प्रभारी डॉ सबीहा अंजुम ने नव प्रवेशित छात्राओं को शिक्षण-प्रशिक्षण की प्रकृति, व्यावहारिक प्रशिक्षण, शिक्षण-अभ्यास तथा विभागीय गतिविधियों से अवगत कराया। छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की और अपने प्रश्न पूछकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।




