*उन्नाव जिला अस्पताल की एक्स-रे मशीन तीन दिन से खराब, मरीज निजी केंद्रों पर जांच कराने को मजबूर*
उन्नाव। जिला अस्पताल में पिछले तीन दिनों से एक्स-रे मशीन खराब होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को भी डॉक्टरों द्वारा एक्स-रे की सलाह दिए जाने के बाद मरीज और तीमारदार जांच के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए।
मशीन खराब होने के चलते मरीजों को मजबूरी में निजी जांच केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है। इससे उन्हें जांच शुल्क के साथ आने-जाने का अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है। खासकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए यह परेशानी और बढ़ गई है।
जिला अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। हड्डी में चोट, सड़क दुर्घटना, सीने से जुड़ी समस्या समेत कई मामलों में डॉक्टर एक्स-रे की सलाह देते हैं। ऐसे में मशीन खराब होने से जांच व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
*घंटों इंतजार के बाद बाहर जाने को मजबूर मरीज*
मरीजों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में कम खर्च में इलाज और जांच की सुविधा मिलने की उम्मीद रहती है, लेकिन मशीन खराब होने के कारण उन्हें निजी केंद्रों पर जांच करानी पड़ रही है। दूर-दराज से आने वाले मरीजों को अस्पताल पहुंचने के बाद मशीन खराब होने की जानकारी मिलने पर अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है। मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से एक्स-रे मशीन की जल्द मरम्मत कराने और तब तक वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




