कानपुर देहात के 1922 परिषदीय स्कूलों में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं,
जिनमें बच्चों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखने का लिया संकल्प
परिषदीय स्कूलों में गूंजे देशभक्ति के नारे, हर घर तिरंगा अभियान के तहत बच्चों ने ली राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की शपथ
राजेश कटियार
कानपुर देहात। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में जिले के परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर तिरंगा यात्रा निकाली। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भारत माता और देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। तिरंगा यात्रा में विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों ने सहभागिता की। कई विद्यालयों में बच्चों ने गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। तिरंगा यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं उसकी गरिमा के संबंध में जानकारी दी गई। बच्चों ने संकल्प लिया कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाएंगे तथा ध्वज के सम्मान और उसकी उचित देखरेख का पूरा ध्यान रखेंगे। विद्यालयों में बच्चों को यह भी बताया गया कि राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक फहराया जाए और कार्यक्रम के बाद उसे सुरक्षित एवं सम्मानजनक तरीके से रखा जाए।
1922 बेसिक स्कूलों में होंगे कार्यक्रम-
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद में स्वतंत्रता दिवस को गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्वक मनाने की तैयारियां की जा रही हैं। जनपद के 1922 परिषदीय विद्यालयों के साथ सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शासन के दिशा-निर्देशों के आलोक में प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें तिरंगा यात्रा, देशभक्ति गीत, भाषण, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, राष्ट्रभक्ति से संबंधित जागरूकता गतिविधियां तथा विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक करने वाले कार्यक्रम शामिल हैं। बीएसए ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य केवल घरों पर तिरंगा लगाना ही नहीं बल्कि बच्चों और समाज में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना भी है। विद्यालय इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, देश के स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों से शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को अभियान से जोड़ने की अपील की। तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए देशभक्ति के नारों से विद्यालय एवं आसपास का क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।




