महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनी ‘प्रस्तुति’ 26 प्रदर्शनी: हस्तनिर्मित कला और व्यंजनों का बिखरा जलवा..
गाजियाबाद। गृह उद्योग एवं स्वरोजगार से जुड़ी महिला उद्यमियों को एक सशक्त और व्यावसायिक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘प्रस्तुति’ टीम द्वारा गाजियाबाद स्थित ‘गौर होम’ में एक भव्य प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में गृहणियों एवं आत्मनिर्भर महिलाओं द्वारा घर से संचालित व्यवसायों के उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों के स्टॉल लगाए गए, जिसने आगंतुकों को विशेष रूप से आकर्षित किया।
प्रदर्शनी में महिलाओं के हुनर और आत्मनिर्भरता की शानदार झलक देखने को मिली। स्टॉलों पर हस्तनिर्मित साड़ियाँ, आकर्षक परिधान,इंडियन ट्रडिशनल मधुबनी पेंटिंग्स, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, और लजीज घरेलू व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टी. एन. पटेल (असिस्टेंट कमिश्नर उत्तरप्रदेश) एवं वरिष्ठ समाज सेवी प्रवीण बत्रा जी ने दीप प्रज्ज्वलित करके उद्घाटन किया । उनके साथ ही नगर की प्रमुख हस्तियों में रीता प्रसाद, सुदर्शन प्रसाद (मुरादनगर की शान), मधु शर्मा (दृष्टि सागर), सविता शर्मा (कोहराम न्यूज़) और सैम जिंदल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की। सभी अतिथियों ने महिला उद्यमियों के अभिनव प्रयासों और उत्कृष्ट हस्तशिल्प की मुक्तकंठ से सराहना की।
कार्यक्रम की आयोजक एवं ‘प्रस्तुति’ टीम की संचालक स्तुति भूषण (सचिव, आयाम परिवर्तन NGO) एवं सुचिता त्यागी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने महिला प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्वावलंबन के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के वृहद आयोजनों की श्रृंखला निरंतर जारी रहेगी।




