*दिनांक-02.08.2026*
*माह जुलाई-2026 की प्रदेश स्तरीय जनसुनवाई समाधान प्रणाली (IGRS) के मासिक मूल्यांकन में कानपुर जोन प्रथम स्थान पर।*
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जनसमस्याओं के गुणवत्तापूर्ण, त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी निस्तारण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इस उद्देश्य की प्रभावी निगरानी एवं पर्यवेक्षण हेतु शासन द्वारा जनसुनवाई समाधान प्रणाली (IGRS) पोर्टल संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों का पुलिस विभाग द्वारा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा प्रत्येक माह माननीय मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा विभिन्न मानकों, जांच की गुणवत्ता, निस्तारण की प्रभावशीलता तथा आवेदक की संतुष्टि के आधार पर की जाती है। उक्त मूल्यांकन के आधार पर थाना प्रभारी से लेकर अपर पुलिस महानिदेशक स्तर तक अधिकारियों की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग निर्धारित की जाती है।
*माह जुलाई-2026* की प्रदेश स्तरीय समीक्षा में *कानपुर जोन ने जनसुनवाई समाधान प्रणाली (IGRS) के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।* कानपुर जोन के पर्यवेक्षणाधीन *कानपुर परिक्षेत्र एवं झाँसी परिक्षेत्र तथा जनपद कानपुर देहात, इटावा, औरैया, फतेहगढ़, झाँसी, जालौन व ललितपुर सहित जोन के कुल 123 थानों* ने भी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुये *प्रथम स्थान प्राप्त किया है*, जो जनसुनवाई के प्रति शासन की मंशा के अनुरूप पुलिस की प्रभावी कार्यप्रणाली को दर्शाता है।
जनसुनवाई में जिन अधिकारियों/थाना प्रभारियों द्वारा अपेक्षित स्तर का प्रदर्शन नहीं किया गया है, उन्हें कार्यप्रणाली में त्वरित गुणात्मक सुधार लाते हुए IGRS के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।




