*गंगाघाट पुलिस चाइनीज मांझे पर सख्त। मांझे की दुकानो पर चलाया चेकिंग अभियान , दी सख्त चेतावनी*
पंकज श्रीवास्तव ब्यूरो
गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र कोतवाली प्रभारी अजय सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को चाइनीज मांझा के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। भारी पुलिस बल के साथ मनोहर नगर स्थित राकेश पतंग स्टोर समेत गांधीनगर क्षेत्र की कई पतंग दुकानों की गहन जांच-पड़ताल की गई।
अभियान के दौरान दुकानदारों को चाइनीज मांझा किसी भी स्थिति में न बेचने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने या उसका भंडारण करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली प्रभारी अजय सिंह ने कहा कि चाइनीज मांझा लोगों, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों और पक्षियों के लिए बेहद खतरनाक साबित होता है। इसे देखते हुए क्षेत्र में लगातार अभियान चलाकर बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जाएगी।
पुलिस ने दुकानदारों से अपील की कि वे केवल वैध और सुरक्षित मांझा ही बेचें तथा प्रतिबंधित चाइनीज मांझा मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। इससे आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




