विश्व ओआरएस सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कानपुर नगर, विश्व ओआरएस सप्ताह के अंतर्गत आज भारतीय बाल रोग अकादमी द्वारा डॉ. अनुराग भारती की भारतीय मेडिकेयर में ओआरएस जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र की माताओं एवं आमजन को दस्त से बचाव तथा ओआरएस के सही उपयोग के प्रति जागरूक करना था।
माताओं एवं अन्य उपस्थित लोगों से ओआरएस से संबंधित प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए तथा सभी उपस्थित लोगों को निःशुल्क ओआरएस के पैकेट वितरित किए गए।कार्यक्रम में डॉ. अनुराग भारती, भारतीय बाल रोग अकादमी के अध्यक्ष डॉ. जे. के. गुप्ता तथा डॉ. रूपम श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेविका संस्था के सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता की और ओआरएस जागरूकता पर आधारित प्रेरक गीत प्रस्तुत किया, जिसे सभी ने सराहा। रामा मेडिकल कॉलेज में मेडिकल विद्यार्थियों के लिए ओआरएस विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें डॉ. वी. के. टंडन एवं डॉ. राज तिलक ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को दस्त प्रबंधन, ओआरएस एवं जिंक के महत्व पर व्याख्यान दिया। इसी क्रम में नारायणा मेडिकल कॉलेज में भी ओआरएस संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें डॉ. मोहसिन खान एवं डॉ. शैलेन्द्र गौतम ने मेडिकल विद्यार्थियों को ओआरएस के वैज्ञानिक उपयोग, सही घोल बनाने की विधि तथा दस्त से होने वाली मृत्यु की रोकथाम में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी दी। भारतीय बाल रोग अकादमी ने आमजन से अपील की कि दस्त होने पर घबराने के बजाय तुरंत ओआरएस देना प्रारंभ करें, जिंक का पूरा कोर्स कराएं तथा आवश्यकता होने पर चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लें।
विश्व ओआरएस सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Leave a comment
Leave a comment




