महापौर ने किया ‘इको हब’ का शुभारंभ
करनाल (हरियाणा)। पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सेक्टर-8 स्थित संत कबीर स्कूल में नगर निगम के सहयोग से “इको हब – एनवायरमेंट का एड्रेस” का शुभारंभ महापौर रेणु बाला गुप्ता ने किया। बतौर मुख्य अतिथि इस अभिनव पहल का विधिवत शुभारंभ करते हुए महापौर ने इसे पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता और सतत विकास की दिशा में दूरदर्शी एवं प्रेरणादायी कदम बताया।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार पर्यावरणीय चुनौतियां बढ़ रही हैं, ऐसे समय में “इको हब” जैसी पहल समाज को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाने का प्रभावी माध्यम बनेगी। यह अभियान लोगों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, हरित जीवनशैली अपनाने तथा स्वच्छ और प्रदूषण-मुक्त वातावरण के निर्माण के लिए प्रेरित करेगा।
महापौर ने ज़ोर देकर कहा कि “रिड्यूस, री-यूज और रिसाइकल” केवल एक संदेश नहीं बल्कि जीवन का संस्कार बनना चाहिए। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में इन सिद्धांतों को अपनाए तो प्लास्टिक प्रदूषण सहित अनेक पर्यावरणीय समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान भारत विकास परिषद (माधव शाखा) के सहयोग से पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने इस सराहनीय पहल से जुड़े सभी आयोजकों, संत कबीर स्कूल परिवार तथा सहयोगी संस्थाओं की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि “इको हब” भविष्य में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जनभागीदारी का सशक्त मंच बनकर उभरेगा।
महापौर ने किया ‘इको हब’ का शुभारंभ
Leave a comment
Leave a comment




