*उन्नाव भगवंतनगर में चुनावी हलचल तेज, जनसमस्याओं को लेकर जयविंद सिंह ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, भगवंतनगर में स्थानीय बनाम बाहरी का मुद्दा गरमाया।*
उन्नाव। भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनावी तैयारियों के बीच सुमेरपुर स्थित रघुराजा राम गोपाल महाविद्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक जयविंद सिंह के पुत्र जयविंद सिंह ने क्षेत्र की जनसमस्याओं और आगामी चुनाव को लेकर अपनी बात रखी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जयविंद सिंह ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही विभिन्न राजनीतिक दलों के संभावित प्रत्याशी क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र की जनता इस बार ऐसे जनप्रतिनिधि को चुने, जो क्षेत्र की मिट्टी से जुड़ा हो और यहां की समस्याओं को करीब से समझता हो। बता दे कि जयविंद सिंह ने बाहरी प्रत्याशियों को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र के विकास के नाम पर जनता को सिर्फ आश्वासन मिले हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग खुद को बैसवारा का बेटा बताकर भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं, लेकिन क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो सका। प्रेस वार्ता में जयविंद सिंह ने मौजूदा विधायक पर भी कई गंभीर आरोप लगाए और क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य जनसमस्याओं को लेकर जनता लगातार परेशान है।
उन्होंने कहा कि भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र की जनता अब विकास, स्थानीय नेतृत्व और जवाबदेही के मुद्दे पर अपना निर्णय करेगी। जयविंद सिंह ने संकेत दिया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी मुकाबले को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




