13 साइबर अपराधी गिरफ्तार, लगभग ₹2 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा
कानपुर नगर, कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने साइबर अपराध के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त अश्लील वीडियो प्रकरण में फंसाने तथा पुलिस अधिकारी बनकर धमकाने के माध्यम से लोगों से धनराशि की ठगी करते थे।
कार्रवाई के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से 29 मोबाइल फोन, 3 कारें तथा अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। जांच में 48 IMEI एवं 68 मोबाइल नंबर सक्रिय पाए गए हैं। साथ ही NCRP पोर्टल पर दर्ज 189 साइबर शिकायतों में 60 शिकायतकर्ताओं के मोबाइल नंबर इस गिरोह से जुड़े पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में दिल्ली, केरल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों के नागरिकों को इस गिरोह द्वारा ठगी का शिकार बनाया जाना प्रकाश में आया है। अब तक लगभग ₹2 करोड़ की साइबर ठगी का अनुमान है। अभियुक्त बैंक खातों एवं UPI के माध्यम से धनराशि प्राप्त करते थे। जांच के दौरान व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्ड एवं अन्य डिजिटल साक्ष्य भी बरामद हुए हैं। अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
हरिओम की रिपोर्ट




