*उन्नाव: घर में घुसकर महिला पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती*
उन्नाव। अजगैन थाना क्षेत्र के सिंगानापुर गांव में मंगलवार देर शाम एक महिला पर घर में घुसकर चाकू और डंडे से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल महिला की पहचान सुदेवी पत्नी रमेश निवासी सिंगानापुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, घटना के समय सुदेवी घर पर अकेली थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य पौधारोपण के लिए बाहर गए हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी राममूरत, जो कथित रूप से शराब के नशे में था, घर पहुंचा और महिला के साथ अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर उसने पहले डंडे से मारपीट की और फिर घर के अंदर से चाकू लाकर महिला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घायल महिला की बेटी काजल ने बताया कि आरोपी ने उसकी मां के सिर पर चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। बचाव के दौरान उनके हाथ में भी गहरी चोट आई। आरोपी ने डंडों से भी मारपीट की।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि बिना किसी उकसावे के शराब के नशे में महिला पर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
*अस्तित्व कुशवाहा उन्नाव संवाददाता*




