पत्नी से परेशान युवक ने थाने में खुद को लगाई आग
कानपुर नगर, महाराजपुर थाने में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पत्नी से परेशान एक युवक ने थाने पहुंच कर खुद को आग लगा ली। युवक को बचाने के दौरान थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी भी झुलस गए। गंभीर रूप से झुलसे युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजकर 10 मिनट पर महाराजपुर थाना क्षेत्र के राजथोक फुफुवार निवासी 32 वर्षीय महेश थाने पहुंचा और जोर-जोर से इंसाफ की मांग करने लगा। इससे पहले कि पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, उसने जेब से पेट्रोल से भरी बोतल निकाली, खुद पर पेट्रोल छिड़का और माचिस से आग लगा ली। आग लगते ही युवक इधर-उधर भागने लगा। मौके पर मौजूद थाना प्रभारी जनार्दन सिंह, दरोगा गौरव सौलिया और सिपाही अरुण कुमार तुरंत उसे बचाने के लिए दौड़े। पुलिसकर्मियों ने कंबल डालकर आग बुझाई और युवक को थाने के अंदर ले आए। इस दौरान तीनों पुलिसकर्मी भी झुलस गए। गंभीर रूप से घायल महेश को पुलिस ने तत्काल उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के मुताबिक, महेश की पत्नी ने 13 जुलाई को उसके खिलाफ मारपीट की शिकायत महाराजपुर थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवक के आत्मदाह के प्रयास के पीछे की परिस्थितियों और पारिवारिक विवाद की विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं, युवक और झुलसे पुलिसकर्मियों का अस्पताल में उपचार जारी है।
पत्नी से परेशान युवक ने थाने में खुद को लगाई आग कानपुर नगर
Leave a comment
Leave a comment




