जेल जा चुके आरोपी पर अवैध निर्माण, होटल व मिनी थिएटर संचालन का आरोप, डीएम से जांच की मांग
कानपुर। लाजपत नगर निवासी रामगोपाल दुबे ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर दर्शनपुरवा निवासी प्रतीक गुप्ता, उसकी पत्नी चांदनी गुप्ता और अन्य लोगों पर अवैध निर्माण, नियमों के विपरीत होटल व मिनी थिएटर संचालन समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में संबंधित विभागों के अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रतीक गुप्ता के खिलाफ लखनऊ के महानगर थाने में महिला से दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज हुआ था और वह जेल भी जा चुका है। आरोप है कि वर्ष 2022 में काकादेव क्षेत्र में खरीदी गई भूमि पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कराया गया। निर्माण के दौरान पूर्व गृहस्वामी की मृत्यु और भवन के एक हिस्से में पहले से मौजूद दुकानों की जानकारी अधिकारियों से छिपाई गई। शिकायत के अनुसार अवैध निर्माण और खनन की पुष्टि के बाद केडीए ने भवन को सील किया था, लेकिन बाद में सील हटाकर दोबारा निर्माण पूरा कर लिया गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री से शिकायत के बावजूद काकादेव थाने में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उसने पुलिस और कुछ विभागीय अधिकारियों पर मिलीभगत का भी आरोप लगाया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि संबंधित भवन में बिना आवश्यक अनुमतियों के अस्पताल, MAGIQUE नाम से मिनी थिएटर और होटल का संचालन किया जा रहा है। दावा किया गया है कि इसके लिए सीएमओ, केडीए, अग्निशमन, प्रदूषण नियंत्रण और मनोरंजन कर विभाग की अनिवार्य स्वीकृतियां नहीं ली गई हैं। शिकायतकर्ता ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




