*कानपुर: ड्यूटी पर जा रहे ट्रैफिक सिपाहियों को ट्रक ने रौंदा, सिपाही समेत चालक की मौत*
*डिस्ट्रीक हेड राहुल द्विवेदी*
*कानपुर (उत्तर प्रदेश)*
*कानपुर के बर्रा एलिवेटेड रोड पर सोमवार तड़के करीब 4 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जाम की सूचना पर ड्यूटी के लिए जा रहे दो ट्रैफिक सिपाहियों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में आगरा निवासी 2018 बैच के ट्रैफिक सिपाही जितेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बुलंदशहर निवासी सिपाही राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज कांशीराम अस्पताल में चल रहा है।*
*प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक भागने का प्रयास कर रहा था, तभी उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रक आगे चल रहे कंटेनर में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक चालक की भी मौके पर मौत हो गई। उसका शव केबिन में फंस गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।*
*सूचना मिलते ही अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) डॉ. विपिन टाडा और डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के चलते एलिवेटेड रोड पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।*
*पुलिस ने मृतक सिपाही और ट्रक चालक के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं चालक की पहचान कराने और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।*




