जो शिक्षक स्वयं सीखता रहता है,वही अपने विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य की ओर ले जाता है-शिव प्रसाद यादव
नितेश प्रताप सिंह इटावा
कर्वाखेड़ा,इटावा। ज्ञानस्थली विद्यालय कर्वाखेड़ा में वार्षिक शिक्षक प्रशिक्षण सत्र का सफल आयोजन किया गया,जिसमें लगभग 225 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ समूह के चेयरमैन शिव प्रसाद यादव द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदना के साथ किया गया।ज्ञानस्थली ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चैयरमेन शिवप्रसाद ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रधानाचार्यों व शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि “गुरु केवल ज्ञान का स्रोत नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माता होता है।समय के साथ स्वयं को अद्यतन रखना ही एक श्रेष्ठ शिक्षक की पहचान है।इसी उद्देश्य से हम सभी आज इस वार्षिक शिक्षक प्रशिक्षण सत्र में एकत्रित हुए हैं,ताकि सीखने, सिखाने और नवाचार की इस यात्रा को और अधिक प्रभावी बना सकें। प्रशिक्षण सत्र के दौरान शिक्षण कार्य को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।जिसमें विशेष रूप से शिक्षण योजना अध्याय पूर्णता (Chapter Completion),विषयवार मास्टर क्लास,कक्षा डायरी, गृहकार्य (HW) एवं कक्षा कार्य (CW) के प्रभावी संचालन और उनकी नियमित निगरानी पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों की शैक्षणिक दक्षता को बढ़ाना,नवीन शिक्षण विधियों से परिचित कराना तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना रहा। सभी प्रतिभागी शिक्षकों ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी बताया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागी शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी सत्र के लिए शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति प्रमुख शिवमंगल सर,ज्ञानस्थली ग्रुप ऑफ स्कूल्स के स्पोर्ट डायरेक्टर वासिफ खान सर, वित्त विभाग प्रमुख नीरज त्रिपाठी सर व विद्यालय परिवार के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे।




