*उन्नाव दहेज हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, पीड़ित परिवार पहुंचा एसपी कार्यालय।*
उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पति और सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
रायबरेली जनपद के गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के सतांव निवासी बृजमोहन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री स्वाती सिंह उर्फ लक्ष्मी की शादी 1 मई 2021 को बिहार थाना क्षेत्र के नमाखेड़ा मजरा जमीपुर निवासी मयंक विक्रम सिंह उर्फ गोलू से हुई थी। आरोप है कि विवाह के बाद से पति और सास मुन्नी सिंह अतिरिक्त दहेज में ढाई लाख रुपये और एक मोटरसाइकिल की मांग करने लगे।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, मांग पूरी न होने पर स्वाती के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। कई बार समझौते के बाद उसे ससुराल भेजा गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। परिजनों का आरोप है कि 14 अप्रैल 2026 को सूचना मिली कि स्वाती ने फांसी लगा ली है। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो उसका शव कमरे के फर्श पर पड़ा मिला और गले पर निशान दिखाई दिए। पिता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति और सास ने मिलकर उनकी पुत्री की हत्या कर दी और मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति और सास के खिलाफ दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को पीड़ित परिवार एसपी कार्यालय पहुंचा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह से मुलाकात कर नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। परिवार का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पीड़ित पक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




