दीक्षा उत्सव कार्यक्रम की श्रृंखला में लोक नृत्य,देशभक्ति गीत गायन प्रतियोगिता का हुआ भव्य आयोजन
कानपुर नगर, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय,कानपुर में 28वें दीक्षान्त समारोह के आयोजन से पूर्व आयोजित किए जा रहे दीक्षोत्सव कार्यक्रम की श्रृंखला में ‘लोक नृत्य एवं देशभक्ति गीत गायन’ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। लोक नृत्य प्रस्तुतियों ने भारतीय लोक संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को जीवंत किया। वहीं देशभक्ति गीतों ने उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रप्रेम और उत्साह का संचार किया। छात्राओं ने गुजराती, दक्षिण भारतीय,राजस्थानी,पंजाबी, हरियाणवी, बिहारी , उत्तराखंड एवं उतर प्रदेश के लोक नृत्यों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन डॉ. अर्चना सिंह,डॉ.संघमित्रा महापात्रा, डॉ एकता शर्मा, डॉ.शिवानी चौधरी, डॉ सिद्धार्थ सिंह, डॉ सोमेन्द्र वर्मा तथा डॉ स्वपनिल के कुशल मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ विवेक कुमार त्रिपाठी (अधिष्ठाता, उद्यान संकाय), डॉ रामजी गुप्ता (प्राध्यापक, पशुपालन एवं दुग्ध विज्ञान विभाग) तथा डॉ मुक्ता गर्ग एवं डॉ रश्मि सिंह शामिल रहीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का निष्पक्ष मूल्यांकन करते हुए उनकी कला,प्रस्तुति एवं भावाभिव्यक्ति की सराहना की।कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु बधाई दी गई तथा विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले आगामी दीक्षोत्सव एवं दीक्षान्त समारोह कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। यह आयोजन विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
हरिओम की रिपोर्ट




