*उन्नाव में अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक बैनर लगाने का आरोप, सपा ने की कार्रवाई की मांग*
उन्नाव। गदनखेड़ा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक बैनर लगाए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर सपा नेताओं में नाराजगी देखने को मिली है।
सोमवार को सपा के पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी डॉ. अभिनव कुमार और पूर्व विधायक रामकुमार सदर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गदनखेड़ा क्षेत्र में लगाए गए बैनरों में अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां लिखी गई हैं। सपा नेताओं ने इसे राजनीतिक रूप से निंदनीय बताते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ हैं। नेताओं ने पुलिस से इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बैनर लगाने वालों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। सपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
*पंकज श्रीवास्तव ब्यूरो*
*अस्तित्व कुशवाहा* उन्नाव संवाददाता




