*उन्नाव में सड़क हादसे में अधेड़ की मौत, ससुराल जाते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर*
उन्नाव। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में एक बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। वह हरदोई से अपनी ससुराल जा रहे थे, तभी रास्ते में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सूर्यपाल (50) पुत्र श्यामलाल, निवासी पूरन मऊ, थाना मल्लावां, जनपद हरदोई के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सूर्यपाल किसी कार्य से अपनी ससुराल जा रहे थे और बाइक से बांगरमऊ क्षेत्र की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि गाजीपुर गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। परिजनों ने बताया कि सूर्यपाल परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट गहरा गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




