*उन्नाव में 12 साल की उपलब्धियां गिनाईं, गांव में लगाई रात्रि चौपाल। बोले मोदी हैं तो मुमकिन है’- सांसद साक्षी महाराजः*
उन्नाव में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर
शनिवार रात विकासखंड सिकंदरपुर करन की ग्राम पंचायत शेषपुर नरी में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद साक्षी महाराज ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को ग्रामीणों के सामने रखा।
सांसद ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश की स्थिति संतोषजनक नहीं थी, लेकिन पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। अपने संबोधन में उन्होंने “मोदी हैं तो मुमकिन है” का नारा भी दिया और दावा किया कि गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक भगवा फहरा रहा है।
4,399 दिन देश सेवा को समर्पित रहे
साक्षी महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पदभार संभालते समय स्वयं को ‘प्रधानसेवक’ बताया था। उनके अनुसार, प्रधानसेवक के रूप में बिताए गए 4,399 दिन देश के विकास, जनविश्वास और जनकल्याणकारी योजनाओं को समर्पित रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंच रहा है।
उन्नाव में हाईवे विकास का किया जिक्र
सांसद ने जिले में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्नाव में सड़क और हाईवे निर्माण के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि जिले में जितने हाईवे बने हैं, उतने किसी अन्य जनपद में नहीं बने हैं।
गांव-गांव पहुंच रही सरकार
रात्रि चौपाल के महत्व पर चर्चा करते हुए सांसद ने कहा कि पहले इस तरह की व्यवस्था नहीं थी, लेकिन अब अधिकारी और जनप्रतिनिधि गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
प्रदर्शनी का उद्घाटन, किया पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने कारीगरों द्वारा तैयार उत्पादों का अवलोकन कर उनके कार्य की सराहना की। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के संदेश के तहत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया।
लाभार्थियों को बांटे प्रमाण पत्र
चौपाल में विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस दौरान कार्यक्रम में घनश्याम मीणा, अनुराग अवस्थी, पंकज गुप्ता, आनंद अवस्थी, प्रेम सिंह चंदेल और अमितेश सिंह नंदू सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
*पंकज श्रीवास्तव* ब्यूरो
*अस्तित्व कुशवाहा* संवाददाता




