*घर के पीछे फंदे से लटका मिला मजदूर का शव,सोहरामऊ क्षेत्र की घटना, आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस*
उन्नाव। सोहरामऊ थाना क्षेत्र के दरेहटा अंचली गांव में शनिवार को एक मजदूर का शव घर के पीछे फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
मृतक की पहचान राजेंद्र गौतम (50) निवासी दरेहटा अंचली के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार को उनके पुत्र आशीष गौतम ने पुलिस को सूचना दी कि उनके पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
सूचना मिलते ही सोहरामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, राजेंद्र गौतम के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं। वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहे थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि राजेंद्र शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। हालांकि उन्होंने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
थाना प्रभारी अरविंद पांडे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




