*उन्नाव शादी के एक माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, , मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप।*
खबर उन्नाव से है जहां शादी के महज एक माह बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दे कि मृतका की पहचान 20 वर्षीय चांदनी के रूप में हुई है, जो बीघापुर थाना क्षेत्र के हृदय नगर निवासी मनोहर की पुत्री थी। उसकी शादी 7 मई 2026 को शहर कोतवाली क्षेत्र के बक्खा खेड़ा निवासी मनोहर पुत्र दिनेश के साथ हुई थी। चांदनी के मामा दिलीप पुत्र रामसनेही ने मंगलवार देर रात करीब 12:50 बजे शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही चांदनी को ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था और मंगलवार रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंची। युवती को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर दोनों पक्षों के परिजन अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मृतका के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि विवाह को अभी एक माह ही हुआ था, इसलिए मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। ससुराल पक्ष के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच में किसी की भूमिका सामने आने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली सदर पुलिस के अनुसार, प्राप्त तहरीर के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या नहीं है।
बाइट – माया मृतका की मां।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




