कानपुर ब्रेकिंग
पत्रकारों पर हमले और फर्जी मुकदमों के विरोध में कानपुर दक्षिण प्रेस क्लब का अर्धनग्न प्रदर्शन
*कानपुर डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर। पत्रकारों के खिलाफ दर्ज किए जा रहे कथित फर्जी मुकदमों तथा पत्रकारों पर बढ़ते हमलों के विरोध में कानपुर दक्षिण प्रेस क्लब ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पत्रकार हितों की रक्षा तथा निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर अर्धनग्न प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
प्रेस क्लब के पदाधिकारियों का आरोप है कि 23 मई 2026 को वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र केसरवानी के साथ हुई हमले की घटना के संबंध में अब तक पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस मामले में शीघ्र कार्रवाई होनी चाहिए।
कानपुर दक्षिण प्रेस क्लब की टीम बुधवार को अर्धनग्न प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेगी तथा पत्रकार सुरक्षा और अधिकारों से संबंधित 11 सूत्रीय मांगपत्र सौंपेगी। संगठन का कहना है कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आगे और व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन से पूर्व क्लब के सदस्य पनकी मंदिर में भगवान हनुमान के दर्शन करेंगे। इसके उपरांत शाम 4 बजे प्रेस वार्ता आयोजित कर आंदोलन की रूपरेखा, मांगों और आगे की रणनीति की जानकारी मीडिया के समक्ष रखी जाएगी।
प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने पत्रकार संगठनों और मीडिया कर्मियों से कार्यक्रम में शामिल होकर एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील की है।




