*कानपुर में शुरू हुई ग्रीन कॉरिडोर सेल, अब ट्रैफिक जाम नहीं बनेगा मरीजों की जान का दुश्मन*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर। महानगर में गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर ने बड़ी पहल करते हुए “ग्रीन कॉरिडोर सेल” की शुरुआत की है। इस नई व्यवस्था के जरिए अब एम्बुलेंस को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाकर कम समय में अस्पताल तक पहुंचाया जाएगा।
यातायात पुलिस द्वारा शुरू की गई इस विशेष सेवा में CCTV कैमरों और Google Maps की सहायता से एम्बुलेंस की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। जैसे ही किसी गंभीर मरीज को लेकर एम्बुलेंस रवाना होती है, कंट्रोल रूम से उसकी लोकेशन और रूट पर नजर रखी जाती है। इसके बाद संबंधित ट्रैफिक प्वाइंट्स और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को तत्काल सूचना देकर रास्ता खाली कराया जाता है, ताकि एम्बुलेंस बिना रुकावट तेजी से अस्पताल पहुंच सके।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, प्रसव पीड़ा और अन्य मेडिकल इमरजेंसी के मामलों में यह ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था काफी मददगार साबित होगी। कई बार ट्रैफिक जाम के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचने में देरी हो जाती थी, जिससे उनकी जान को खतरा बढ़ जाता था। इसी समस्या को देखते हुए यातायात पुलिस ने यह तकनीकी व्यवस्था लागू की है।
ग्रीन कॉरिडोर सेल के संचालन के लिए एक विशेष कंट्रोल यूनिट बनाई गई है, जो लगातार शहर के प्रमुख मार्गों की निगरानी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जरूरत पड़ने पर एम्बुलेंस को प्राथमिकता देते हुए सिग्नल फ्री मूवमेंट भी उपलब्ध कराया जाएगा।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि एम्बुलेंस दिखाई देने पर तुरंत रास्ता दें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि गंभीर मरीजों की जान बचाई जा सके।
📞 ग्रीन कॉरिडोर सेल सीयूजी नंबर: 9454402413
इस नई पहल को लेकर शहरवासियों ने खुशी जाहिर की है और इसे जनहित में बेहद सराहनीय कदम बताया है।




