*शिवली में कच्चे मकान का छज्जा गिरने से 7 माह की मासूम की मौत, 3 घायल*

नाहर सिंह यादव
कानपुर देहात । लगातार हो रही बारिश के चलते गलियों और सड़कों पर जलभराव है, जिससे कच्चे मकानों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा शिवली थाना अंतर्गत रामपुर जसपुरवा गांव में हुआ।
यहां कच्चे मकान का छज्जा भरभराकर गिर गया। जिसके मलबे में चार लोग दब गए।
हादसे में मिट्टी के नीचे 7 माह की मासूम बच्ची भी दब गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी को मलबे से बाहर निकाला और निजी वाहन से सीएचसी शिवली ले गए।
जहां डॉक्टरों ने 7 माह की बच्ची शिखा को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य तीन घायलों का इलाज चल रहा है।
मामले पर खंड विकास अधिकारी विपुल विक्रम सिंह ने बताया कि इस बात की जानकारी की जा रही है कि आखिर पीड़ित परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ क्यों नहीं मिला।
यदि पात्र होने के बाद भी आवास नहीं मिला है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है ।




